मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा केंद्रों के प्रवेश द्वार, अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन एवं संवेदनशील बिंदुओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा को पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक निर्देश दिए।
कुमार रणविजय सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं संतोषजनक और सुव्यवस्थित पाई गईं। केंद्रों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के साथ-साथ अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।
एसपी सिटी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर सतर्कता बनाए रखें और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण परीक्षा है, इसलिए इसकी निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुरादाबाद पुलिस द्वारा की गई व्यापक सुरक्षा तैयारियों के बीच परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण देखने को मिला। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के परीक्षा में सम्मिलित हो सकें और परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो।
