आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजीव अरोड़ा से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने व्यापक कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने दिल्ली-एनसीआर समेत पंजाब और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीमों ने पंजाब के लुधियाना और जालंधर, उत्तर प्रदेश के बरेली तथा दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में कुल छह ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें आवासीय परिसरों के साथ-साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये ठिकाने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े लोगों और संस्थाओं से संबंधित हैं।
ईडी की यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की गई है। जांच एजेंसी को पहले की पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर कुछ अहम इनपुट मिले थे, जिसके बाद यह सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाशी के दौरान दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक डाटा और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की गई।
गौरतलब है कि इस मामले में ईडी पहले ही AAP नेता संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी विभिन्न वित्तीय लेन-देन और कारोबारी संबंधों की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि हालिया छापेमारी से मामले से जुड़े नए तथ्य और महत्वपूर्ण सबूत सामने आ सकते हैं।
जांच एजेंसी अब कथित धन शोधन नेटवर्क की पूरी संरचना और इसमें शामिल व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
