मुरादाबाद। थाना भोजपुर पुलिस ने चावल के गोदाम में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया इनवर्टर, बैटरी और केबल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पीपलसाना निवासी मोहम्मद वसीम पुत्र माशूक अली ने 1 जून 2026 को थाना भोजपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके चावल के गोदाम में घुसकर एक इनवर्टर, एक बैटरी तथा काली केबल चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना भोजपुर में मुकदमा संख्या 221/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में चोरी की घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा के पर्यवेक्षण में थाना भोजपुर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 7 जून 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजान पुत्र शाहिद निवासी ग्राम पीपलसाना तथा राशिद पुत्र गुल अहमद निवासी ग्राम शाहपुर, थाना भोजपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। बरामदगी एवं साक्ष्य संकलन के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी वृद्धि की गई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
