मुरादाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिले में आयुष विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत जिले में 15 से 21 जून तक योग सप्ताह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस बार योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) तय की गई है।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देशन में योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को रामगंगा नदी के किनारे स्थित बलदेव नेचुरोपैथी केंद्र से होगा। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य और विशाल कार्यक्रम कंपनी बाग में आयोजित किया जाएगा। इस पूरे सप्ताह में जिले की सभी तहसीलों, ब्लॉकों और गांवों में योग शिविर लगाकर लोगों को योग के विभिन्न आसनों से जोड़ा जाएगा। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह नायक को पूरे सप्ताह आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए निर्देशित किया।
इसके अलावा इस बार सरकार द्वारा मिस्ड कॉल अभियान के माध्यम से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने का भी एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
योग दिवस की बैठक में अधिकारियों और योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने लिया वाई ब्रेक।
योग दिवस की तैयारी के लिए आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम सिटी श्री अंकुर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों और योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने वाई ब्रेक (योग ब्रेक) लिया। वाई ब्रेक आयुष मंत्रालय द्वारा कार्यस्थल पर 5 मिनट का योगाभ्यास है जिसका उद्देश्य तनाव मुक्त और ध्यान केंद्रित करने में मदद करना है।
इसके लिए किसी विशेष उपकरण की आवश्यकता नहीं होती है और इसे अपनी डेस्क पर भी किया जा सकता है।

प्लास्टिक मुक्त आयोजन पर रहेगा विशेष जोर।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं विभिन्न योग से जुड़ी संस्थाओं के साथ बैठक के दौरान निर्देश दिए कि 15 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न योग शिविरों के दौरान प्लास्टिक के प्रयोग को पूर्णत: प्रतिबंधित रखा जाए साथ ही लोगों को प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाले नुकसान के बारे में भी जागरूक किया जाए ताकि उनमें व्यवहारिक परिवर्तन हो और स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक हानिकारक सिंगल उसे प्लास्टिक के प्रयोग में कमी लाई जा सके।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य
क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी अमरदीप सिंह नायक ने बताया कि भारत सरकार द्वारा इस बार योग दिवस के मौके पर एक खास अभियान चलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। इसके लिए एक विशेष नंबर 18003157008 जारी किया गया है जिस पर 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक योग करने वाले आम जनमानस द्वारा मिस्ड कॉल करने पर योग सर्टिफिकेट ऑनलाइन जेनरेट होंगे।
इस अभियान को लेकर आयुष विभाग और जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है ताकि जिले का नाम और योग साधकों का उत्साह विश्व स्तर पर दर्ज हो सके।
हजारों प्रशिक्षक जगाएंगे अलख
योग सप्ताह को सफल बनाने के लिए पतंजलि, गायत्री परिवार, क्रीड़ा भारती और नेचुरोपैथी केंद्रों जैसी कई सहयोगी संस्थाएं प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। इन संस्थाओं के हजारों योग प्रशिक्षक गांव-गांव जाकर आम लोगों को योग के प्रति जागरूक करेंगे और उन्हें योगाभ्यास कराएंगे। मास्टर ट्रेनर डॉ. गोरख त्यागी के नेतृत्व में अन्य प्रशिक्षकों को भी विशेष ट्रेनिंग दी गई है ताकि वह आम जनता को सही प्रोटोकॉल के साथ योग करा सकें।
गंभीर बीमारियों का इलाज बन रहा योग
योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन शैली का हिस्सा बन चुका है। टाउन हॉल स्थित वाईडब्ल्यूसी (योग वेलनेस सेंटर) इसका जीता-जागता उदाहरण है। यहां नियमित रूप से योग करने वाले कई लोगों ने गंभीर बीमारियों को मात दी है। योग के चमत्कारी फायदों को देखते हुए प्रशासन की कोशिश है कि योग दिवस के बाद भी लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं ताकि ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ का संकल्प जमीन पर पूरी तरह से उतारा जा सके।
