मुरादाबाद। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में नगर निगम मुरादाबाद ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि शहर के सभी 70 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से ‘जन चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा, जहां अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और समाधान सुनिश्चित करेंगे।
नगर आयुक्त के अनुसार प्रतिदिन तीन वार्डों में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक जन चौपाल आयोजित की जाएगी। इन चौपालों में नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिससे सफाई, जल निकासी, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, कर संबंधी शिकायतों सहित अन्य नागरिक समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर शहर के विकास को नई दिशा देना भी है। चौपालों के दौरान नागरिकों से शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए जाएंगे।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि जब अधिकारी स्वयं वार्डों में पहुंचेंगे तो समस्याओं की वास्तविक स्थिति का बेहतर आकलन हो सकेगा और समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी। इससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा कि मुरादाबाद को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए जनसहयोग बेहद जरूरी है। इसी कड़ी में शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के संकल्प को भी जन चौपालों के माध्यम से गति दी जाएगी। नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
नगर निगम की इस पहल को शहर में सुशासन और जनसुनवाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जनता की सक्रिय भागीदारी से न केवल समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा, बल्कि मुरादाबाद के समग्र विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।
