मुरादाबाद। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देकर घर लौट रहे मामा-भांजी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से दोनों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार थाना डिलारी क्षेत्र के गांव नारायणपुर निवासी नैना उर्फ पूजा (20 वर्ष) पुत्री जानकी प्रसाद सोमवार को रामपुर में आयोजित यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देकर अपने मामा रामसिंह (30 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश सिंह निवासी गांव कांकरखेड़ा, थाना भगतपुर के साथ मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रही थी।
बताया जाता है कि जब उनकी बाइक दलपतपुर-काशीपुर मार्ग पर गांव कांकरखेड़ा के निकट पहुंची, तभी डूंगरपुर की ओर से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मामा-भांजी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों को एकत्र होता देख डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही थाना भगतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह सहित कई थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से वाहन और चालक की पहचान की जा रही है।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव कांकरखेड़ा और नारायणपुर में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
