ओमान के शिनास बंदरगाह के नजदीक एक और समुद्री हमले की घटना सामने आई है। हमले का शिकार बने भारतीय जहाज MT जलवीर में आग लग गई, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में जहाज समुद्र के बीच धू-धू कर जलता दिखाई दे रहा है।
ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल हमले के कारणों और इससे हुए नुकसान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि यह बीते 48 घंटों के भीतर ओमान तट के पास तीसरी समुद्री घटना है। इससे पहले 10 जून को कमर्शियल जहाज ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी थी। उस जहाज पर 28 क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें 24 भारतीय शामिल थे। हमले के बाद 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन भारतीय लापता हो गए थे। बाद में लापता लोगों में से दो के शव बरामद होने की जानकारी भी सामने आई।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने सेटेबेलो पर हुए हमले की कड़ी निंदा की थी और इस मामले में भारत में अमेरिकी प्रभारी राजदूत जेसन मीक्स को तलब कर अपना विरोध दर्ज कराया था। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि ओमान में भारतीय दूतावास राहत और बचाव अभियान के दौरान स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है।
इस बीच ब्रिटिश मैरीटाइम सिक्योरिटी फर्म एम्ब्रे ने आशंका जताई है कि हालिया समुद्री घटनाएं क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव से जुड़ी हो सकती हैं। हालांकि किसी भी हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन या देश ने नहीं ली है।
लगातार हो रहे इन समुद्री हमलों ने अरब सागर और ओमान की खाड़ी में जहाजों की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल MT जलवीर पर हुए हमले की जांच जारी है और भारतीय दूतावास हालात पर करीबी नजर बनाए हुए है।
