तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने राज्यसभा की सदस्यता और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पिछले एक सप्ताह के भीतर यह तीसरा मौका है जब टीएमसी का कोई राज्यसभा सांसद पार्टी से अलग हुआ है। इससे पहले सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव भी राज्यसभा और पार्टी दोनों से इस्तीफा दे चुके हैं।
प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे के बाद राज्यसभा में टीएमसी की संख्या घटकर 10 रह गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी के भीतर असंतोष अभी थमा नहीं है और आने वाले दिनों में कुछ अन्य नेताओं के भी बड़ा फैसला लेने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी लगातार अंदरूनी चुनौतियों का सामना कर रही है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के इस्तीफों ने संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रहे राजनीतिक घटनाक्रमों ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं, जबकि विपक्ष इसे टीएमसी में बढ़ती असंतुष्टि का संकेत बता रहा है।
