मुरादाबाद। विकासखंड मूंढापांडे सभागार में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के अंतर्गत आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना केंद्र सरकार की एक ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत लाभार्थियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में ₹5 लाख तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत प्राप्त हो रही है।

विधायक ने उपस्थित आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को योजना की विशेषताओं, पात्रता और लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा हर नागरिक का अधिकार है और सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कार्यकत्रियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण उपचार से वंचित न रहे। उन्होंने सभी पात्र लोगों से आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों का अभिनंदन करते हुए विधायक ने जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता संदेश के साथ हुआ।
