मुरादाबाद। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण संबंधी विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में स्लोगन लेखन, नशा मुक्ति शपथ एवं वृक्षारोपण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. आसीम ने की। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. पूजा निर्माणिया द्वारा किया गया। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आकर्षक और प्रेरणादायक स्लोगनों का निर्माण कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण बचाने और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।

नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में संचालक श्री सचिन अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि गुटखा, तंबाकू, शराब, सिगरेट तथा अन्य मादक पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य और समाज दोनों के लिए हानिकारक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इसी क्रम में कार्यक्रम संचालिका सुश्री वंदना भारती ने वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत “प्लांटेशन एंड सस्टेनेबल अर्थ” विषय पर कार्यशाला आयोजित की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. पूजा निर्माणिया ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अमित कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने का प्रभावी संदेश दिया गया@जफर-INN
