मुरादाबाद। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने थाना गलशहीद, मुगलपुरा, कोतवाली तथा सिविल लाइंस क्षेत्र में पैदल मार्च करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। गश्त के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों तथा संवेदनशील स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
पैदल मार्च के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि या कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर भी जोर दिया गया।
गश्त के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने विभिन्न बिंदुओं पर तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। आगामी त्योहारों एवं विशेष अवसरों को ध्यान में रखते हुए पुलिस-प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के लिए कहा गया।

जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया और एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि जिले में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आमजन से भी सहयोग की अपील की गई ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
इस दौरान संबंधित थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी तथा अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पैदल मार्च से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन की सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दी@जफर/INN
