मुरादाबाद। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा ने थाना भोजपुर क्षेत्र में पीस कमेटी के सदस्यों और ताजियेदारों के साथ गोष्ठी आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में क्षेत्राधिकारी ने सभी ताजियेदारों, धर्मगुरुओं एवं क्षेत्र६ के संभ्रांत नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए मोहर्रम के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ संदेश या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

गोष्ठी के बाद क्षेत्राधिकारी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ क्षेत्र में स्थित मजारों, इमामबाड़ों तथा ताजिया मार्गों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मार्गों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ताजिया जुलूस के प्रस्तावित मार्गों का भी परीक्षण किया और संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने की बात कही। इसके अलावा क्षेत्र में पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा पुलिस की सतर्कता का संदेश दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। किसी भी समस्या या सूचना के लिए नागरिकों से तत्काल पुलिस को अवगत कराने की अपील की गई है।
पुलिस प्रशासन ने उम्मीद जताई कि सभी समुदायों के सहयोग से मोहर्रम पर्व जिले में परंपरागत सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न होगा@जफर/INN
