असम के जोरहाट स्थित वायुसेना स्टेशन पर शनिवार (13 जून 2026) को भारतीय वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विमान रनवे के पास क्रैश होने के बाद दो हिस्सों में टूट गया और उसमें आग लग गई। इस दुर्घटना में वायुसेना के पांच जवानों की मौत हो गई, जबकि सह-पायलट को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, 43 स्क्वाड्रन का यह AN-32 विमान सामान लेकर उड़ान पर था और जोरहाट एयरबेस पर उतरते समय हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद एयरबेस पर तैनात फायर ब्रिगेड और आपातकालीन दल तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान का मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए हैं।
