मुरादाबाद। नगर निगम द्वारा संचालित सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत शनिवार को शहर के वार्ड संख्या 10 काजीपुरा तथा वार्ड संख्या 16 में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपने क्षेत्र की समस्याओं और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
वार्ड संख्या 10 काजीपुरा में आयोजित जन चौपाल में पार्षद सरोज देवी तथा वार्ड संख्या 16 में आयोजित जन चौपाल में पार्षद नीरज गुप्ता एवं कविता गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।

हाउस टैक्स और वॉटर टैक्स संबंधी शिकायतें प्रमुख रहीं
जन चौपाल के दौरान नागरिकों ने हाउस टैक्स एवं वॉटर टैक्स से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कई लोगों ने कर निर्धारण, बकाया बिलों तथा रिकॉर्ड में त्रुटियों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने संबंधित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
क्षेत्रवासियों ने टूटी सड़कों, जलभराव की समस्या, नालियों की नियमित सफाई न होने तथा कूड़ा उठान व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर भी ध्यान आकर्षित कराया। नागरिकों ने कहा कि कुछ स्थानों पर नालियों के अवरुद्ध होने से बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट की समस्याएं भी रखीं
जन चौपाल में पेयजल आपूर्ति की अनियमितता, कम दबाव से पानी आने तथा कुछ क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायतें भी सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की बात कही।
जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर
अधिकारियों ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को उनके वार्ड स्तर पर सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। जन चौपाल के माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन रही है।
बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिक
दोनों वार्डों में आयोजित जन चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जन चौपाल के माध्यम से उन्हें अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे समाधान की उम्मीद बढ़ी है@शांतनु/INN
