मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में शनिवार को भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने ग्राम मौसमपुर में आयोजित विकास परियोजनाओं के भूमिपूजन एवं हवन कार्यक्रम में भाग लेकर महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।

कार्यक्रम में विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कुंदरकी (एनएच-509) से जलालपुर धर्मपुर कला, सिहाली माला होते हुए बिलारी डालनी जंक्शन तक मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इसके साथ ही ग्राम मौसमपुर में संपर्क मार्ग निर्माण कार्य का भी विधिवत भूमिपूजन किया गया।
विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की सड़क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी तथा क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और कुंदरकी विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने की बात कही।
