मुरादाबाद। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत रविवार को वार्ड संख्या 45 गाड़ीखाना, वार्ड संख्या 37 मझोला तथा वार्ड संख्या 54 मंडी चौक-चौमुखा पुल क्षेत्र में जन चौपालों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।

वार्ड संख्या 45 में पार्षद उमेश सिंह, वार्ड संख्या 37 में पार्षद शैलेंद्र कुमार तथा वार्ड संख्या 54 में पार्षद अनुभव मल्होत्रा की मौजूदगी में आयोजित जन चौपालों में नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनकर संबंधित मामलों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।

टैक्स संबंधी समस्याओं पर हुई चर्चा
जन चौपाल में हाउस टैक्स और वॉटर टैक्स से जुड़े मामलों को लेकर नागरिकों ने अपनी परेशानियां साझा कीं। लोगों ने गलत बिलिंग, कर निर्धारण में विसंगतियों और बकाया राशि से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था को लेकर उठी मांग
स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में टूटी सड़कों, नालियों की सफाई और जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। नागरिकों का कहना था कि बरसात के दिनों में कई स्थानों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित होता है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
पेयजल और स्ट्रीट लाइट की शिकायतें भी पहुंचीं चौपाल तक
जन चौपाल में कई लोगों ने पेयजल आपूर्ति में अनियमितता, कम दबाव से पानी आने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या रखी। अधिकारियों ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान कराने की बात कही।
वार्ड स्तर पर समाधान का प्रयास
अधिकारियों ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित जन चौपालों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को उनके क्षेत्र में ही सुनकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इससे आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा शिकायतों के समाधान में तेजी आ रही है।
नागरिकों ने की पहल की सराहना
जन चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। लोगों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है, जिससे समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन रही है@शांतनु/INN
