मुरादाबाद। जनपद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव खनुपुरा में एक युवक ने अपने ही दो दोस्तों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में 21 वर्षीय दलित युवक अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव खनुपुरा निवासी अंकित पुत्र कल्लू, अजीत और विशाल चौधरी आपस में दोस्त थे। रविवार को तीनों खेत पर काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी इनके बीच किसी विवाद को लेकर तनाव चल रहा था।

ताबड़तोड़ फायरिंग से मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर विशाल चौधरी ने तमंचे से दोनों दोस्तों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई, जबकि अजीत भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी विशाल चौधरी मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे एसपी देहात
सूचना मिलते ही एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायल अजीत को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक अंकित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फरार आरोपी विशाल चौधरी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।
कुंदरकी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है@जफर/इन
