मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर मुरादाबाद पहुंचे। मुंडापांडे स्थित भदासना एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर महापौर विनोद अग्रवाल, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भाजपा नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी भी दी।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर करेंगे प्रेस वार्ता
अपने प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री अपराह्न 3 बजे सर्किट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। यह प्रेस वार्ता केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित की जा रही है, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

वृक्षारोपण अभियान और जनकल्याण शिविर में होंगे शामिल
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुरादाबाद ब्लॉक परिसर में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में भी सहभागिता करेंगे। इसके अलावा वे जनकल्याण शिविर का उद्घाटन कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुनेंगे।

विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री जिले के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं तथा जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा करेंगे। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं, अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जिले की प्रगति पर चर्चा होने की संभावना है।

भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक स्वागत की तैयारियां की गईं। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह दौरा महत्वपूर्ण साबित होगा।

एक दिवसीय दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता रहेगी@शांतनु/INN
