मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

डिप्टी सीएम ने ब्लॉक कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है तथा पौधारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए।

इसके बाद उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष विकास, सुशासन, सुरक्षा और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन विकास और सुशासन की राजनीति को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम किया है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम ने विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
उनके दौरे को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है@शांतनु/INN
