मुरादाबाद। भोजपुर कस्बे में उधार के रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फलूदा विक्रेता और उसे बचाने आए मकान मालिक के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार नवापुर निवासी अफसाना पत्नी शराफत हुसैन ने शिकायत में बताया कि उनके पति कस्बे में फलूदा का ठेला लगाते हैं। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मोवीन, इकबाल उर्फ भूरा, इरफान और नसीम अक्सर उनकी दुकान से उधार सामान और फलूदा लेते थे, लेकिन रुपये नहीं चुकाते थे।
शिकायत के मुताबिक 11 जून की रात करीब नौ बजे आरोपी फलूदा पीने पहुंचे। जब शराफत हुसैन ने उनसे रुपये मांगे तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई और फिर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी लाठी-डंडे और अन्य हथियार लेकर दोबारा पहुंचे तथा शराफत हुसैन पर हमला कर दिया।
एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि जान बचाकर शराफत हुसैन जब मकान मालिक अकबर अली के घर पहुंचे तो आरोपी वहां भी घुस आए और उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए अकबर अली को भी लाठी-डंडों से पीटा गया, जिससे उनकी हंसली टूट गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर मामला शांत हुआ। जाते समय आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना भोजपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस जांच में जुटी
भोजपुर पुलिस का कहना है कि दर्ज एफआईआर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
