टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अभिनेत्री संचिता उगाले ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। वह 30 वर्ष की थीं। यह घटना मुंबई से सटे नालासोपारा इलाके की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, संचिता अपने माता-पिता और बहन के साथ रहती थीं। घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन्होंने साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या की। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
संचिता उगाले टीवी जगत का जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया था। इसके अलावा वह विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ में भी नजर आई थीं, जहां उन्होंने ताराबाई का किरदार निभाया था।
