मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के केंद्र सरकार में 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को विकास खंड भगतपुर टांडा में “12 साल विश्वास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत भव्य जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एवं संबोधन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं मुरादाबाद के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल विकास करना नहीं बल्कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। कैबिनेट मंत्री ने जन कल्याण शिविर में वृक्षारोपण भी किया।

जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी संचालित की गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों ने भी सरकार की जनहितकारी नीतियों और विकास कार्यों को जनता के समक्ष रखा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, भाजपा नेता के. के. मिश्रा, गिरीश भडुला, धर्मेंद्र नाथ मिश्रा सहित भाजपा एवं रालोद के अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सरकार की उपलब्धियों और आगामी विकास योजनाओं की जानकारी के साथ हुआ। वक्ताओं ने आमजन से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया@जफर/INN
