मुरादाबाद : मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत नगर क्षेत्र स्थित कम्पोजिट विद्यालय गांधी पार्क एवं प्राथमिक विद्यालय मानपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालय सुचारु रूप से संचालित पाए गए तथा शिक्षण कार्य नियमित रूप से संपादित होता मिला।
विद्यालय खुलने के प्रथम दिवस पर मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को खीर वितरित की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालयों के कक्षा-कक्षों, शौचालयों एवं हैंडवॉश एरिया का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया तथा विद्यालय परिसर में नियमित एवं पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र नामांकन एवं उपस्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि छह वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी बच्चों का कक्षा-1 में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा विद्यालयी शिक्षा से वंचित न रहे तथा ‘आउट ऑफ स्कूल’ बच्चों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल विद्यालयों से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
