मुरादाबाद। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री भगीरथ चौधरी ने सोमवार को पंचायत भवन परिसर में आयोजित पांच दिवसीय जन कल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर तथा विकास प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया। यह शिविर 16 जून से 20 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, नेडा, आईसीडीएस, महिला कल्याण, एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्यान, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्री अन्न तथा समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जनहितकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी प्राप्त की।

इसके बाद उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का भ्रमण करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें लाभान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विकसित भारत के लिए किसानों की समृद्धि जरूरी
जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी उत्पादों तथा देश में निर्मित वस्तुओं को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसानों की समृद्धि के बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता।

उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, भूमि की उर्वरता बनाए रखने तथा मृदा संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा और नई तकनीकों के माध्यम से कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाए जा रहे हैं।

प्राकृतिक खेती और मिट्टी संरक्षण पर दिया जोर
श्री चौधरी ने रासायनिक उर्वरकों के सीमित उपयोग तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और देशभर में “खेत बचाओ अभियान” संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होगी तो इसका सीधा असर मानव स्वास्थ्य पर पड़ेगा। इसलिए किसानों को नियमित रूप से मिट्टी की जांच करानी चाहिए और प्राकृतिक खेती को प्राथमिकता देनी चाहिए।
लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय राज्य मंत्री ने पंचायत भवन सभागार में आयोजित जनसभा के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर महापौर विनोद अग्रवाल, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
