NEET 2026 री-एग्जाम से पहले भारत में Telegram पर लगाई गई अस्थायी रोक को लेकर Telegram के संस्थापक Pavel Durov ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए Reliance Jio पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
Durov का दावा है कि Jio की वजह से Telegram की सेवाओं में केवल भारत ही नहीं, बल्कि अन्य देशों में भी दिक्कतें देखने को मिल रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि इंटरनेट ट्रैफिक को गलत तरीके से मोड़ा जा रहा है, जिससे Telegram यूजर्स को नेटवर्क संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Telegram प्रमुख ने कहा कि इस प्रक्रिया को तकनीकी भाषा में BGP Hijacking कहा जाता है, जिसमें इंटरनेट रूटिंग को प्रभावित कर डेटा के रास्ते बदले जा सकते हैं। उनके अनुसार यह कोई सामान्य तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस विषय पर भेजी गई शिकायतों का संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
Durov ने यह भी आरोप लगाया कि Jio और Meta के कारोबारी संबंधों के कारण Telegram को प्रतिस्पर्धात्मक नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों पर अभी तक Reliance Jio की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि NEET 2026 री-एग्जाम को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने Telegram पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया है। NTA का कहना है कि कुछ मामलों में पेपर लीक से जुड़ी गतिविधियों के लिए इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल होने की आशंका जताई गई थी। वहीं Durov का मानना है कि किसी एक प्लेटफॉर्म पर रोक लगाने से ऐसी गतिविधियां पूरी तरह नहीं रुकेंगी, क्योंकि जिम्मेदार लोग दूसरे माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं।
