मुरादाबाद। देशभर के फार्मासिस्टों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में फार्मेसी प्रमोशनल कैडर स्ट्रक्चर (Pharmacy Promotional Cadre Structure) को आधिकारिक रूप से भारत के राजपत्र (गजट) में प्रकाशित कर दिया गया है। इसे फार्मेसी सेवाओं को सुदृढ़ करने, पेशेवर पहचान को बढ़ाने तथा फार्मासिस्टों के लिए सुनियोजित कैरियर प्रगति सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन मंडल मुरादाबाद के मंडलीय सचिव हेमन्त चौधरी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े नेताओं, संगठनों और फार्मासिस्टों के निरंतर प्रयासों, संघर्ष और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि अधिसूचित कैडर संरचना में फार्मेसी ऑफिसर से लेकर संयुक्त निदेशक (फार्मेसी) तक के पदों को शामिल किया गया है, जिससे स्पष्ट पदोन्नति व्यवस्था स्थापित होगी और स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की भूमिका और अधिक मजबूत होगी।
हेमन्त चौधरी ने इस उपलब्धि का श्रेय संदीप बडोला, सदस्य फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), महासचिव एफआईपीओ तथा चेयरमैन उत्तर प्रदेश फार्मेसी काउंसिल, तथा भूपिंदर कुमार, महासचिव आईपीए को देते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों और नेतृत्व के कारण यह पहल सफल हो सकी। उन्होंने डॉ. मोंटू एम. पटेल, अध्यक्ष फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, के दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर समर्थन की भी सराहना की।
उन्होंने बताया कि फार्मेसी कैडर स्ट्रक्चर के गठन के लिए बनाई गई समिति के अध्यक्ष सुशील सूदन, अध्यक्ष फार्मेसी काउंसिल जम्मू-कश्मीर एवं PCI सदस्य, ने इस ऐतिहासिक ढांचे को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा टास्क फोर्स सदस्य भरत पटेल (CGHS, गुजरात) के योगदान को भी उल्लेखनीय बताया गया।
हेमन्त चौधरी ने कहा कि यह केवल एक गजट नोटिफिकेशन नहीं है, बल्कि देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका की औपचारिक मान्यता है। इससे फार्मेसी कैडर के गठन, नियमित भर्तियों, सेवा विनियमों के निर्माण तथा पदोन्नति के अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार द्वारा जारी इस गजट नोटिफिकेशन को शीघ्र ही उत्तर प्रदेश में भी लागू कराया जाएगा, जिससे प्रदेश के हजारों फार्मासिस्टों को इसका सीधा लाभ मिल सकेगा।
अंत में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देशभर के फार्मासिस्टों को बधाई देते हुए कहा कि यह कदम फार्मेसी पेशे के सशक्तिकरण और व्यावसायिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा@शांतनु/INN
