मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप कृषि निदेशक द्वारा पिछली बैठक की कार्यवाही एवं अनुपालन आख्या प्रस्तुत किए जाने के साथ हुआ।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि किसान दिवस का उद्देश्य किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा कृषि क्षेत्र के विकास से संबंधित विषयों पर प्रभावी संवाद स्थापित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।

बैठक के दौरान कृषकों द्वारा विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए। अनाज मंडी के संबंध में उठाए गए मुद्दे पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए तथा सर्वेक्षण के अनुसार जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के लिए कहा।
किसानों ने राणा शुगर मिल द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों का बकाया गन्ना भुगतान हर हाल में 15 जुलाई 2026 तक सुनिश्चित कराया जाए तथा इसकी नियमित निगरानी की जाए।

यूरिया खाद की उपलब्धता के संबंध में जिला कृषि अधिकारी ने अवगत कराया कि शासन के निर्देशानुसार प्रति हेक्टेयर भूमि पर अधिकतम सात बोरी यूरिया उपलब्ध कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में किसानों द्वारा खाद की बिक्री के साथ अन्य उत्पादों की अनिवार्य टैगिंग किए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई गई। इस पर जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा ऐसी किसी भी प्रकार की टैगिंग पर पूर्ण प्रतिबंध है। उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कोई विक्रेता ऐसा करता है तो उसकी लिखित शिकायत उपलब्ध कराएं, ताकि उसके विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जा सके।

किसानों ने बाजार में नकली दुग्ध उत्पादों की बिक्री का मुद्दा भी उठाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद में इस संबंध में सघन जांच एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किए जा रहे हैं। मानकविहीन पाए गए उत्पादों के नमूनों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई एवं प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में गठित “किसान दिवस ग्रुप मुरादाबाद” के माध्यम से किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समूह के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि किसान दिवस में किसानों की सुव्यवस्थित एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप किसान संगठनों एवं विभिन्न कृषि वर्गों से सीमित संख्या में प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया, जिससे बैठक का संचालन अधिक व्यवस्थित एवं परिणामपरक रहा।

बैठक का आयोजन पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार किया गया, जिसमें सर्वप्रथम कृषि विभाग की समीक्षा बैठक, तत्पश्चात एफपीओ की बैठक तथा अंत में मुख्य किसान दिवस का आयोजन संपन्न हुआ। शासनादेश के अनुरूप सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने बैठक में सहभागिता करते हुए किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
अंत में उप कृषि निदेशक, मुरादाबाद ने जिलाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारियों एवं उपस्थित कृषक प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी के साथ साथ उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कृषक गण उपस्थित रहे।
