मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल ने मुरादाबाद शहर स्थित नवीन मंडी परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपनिदेशक प्रशासन, विपणन श्री शिवकुमार राघव को मंडी परिसर में दुकानों के निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी सचिव को परिसर में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को मंडी परिसर के नालों की समयबद्ध सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

मंडी परिसर का भ्रमण करते हुए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मुख्य प्रवेश द्वार के सौंदर्यीकरण के लिए कहा तथा परिसर के क्षतिग्रस्त मार्गों का शीघ्र मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में आने वाले किसानों, व्यापारियों एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नवीन मंडी परिसर को आदर्श मंडी के रूप में विकसित करने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी के संचालन एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मंडी प्रशासन के कर्मचारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
