मुरादाबाद। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा शासन की प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने 17/18 जून 2026 की रात्रि में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा गोष्ठी आयोजित की।

बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शासन एवं उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों की समीक्षा करते हुए उनके शत-प्रतिशत अनुपालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई से जुड़े मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा शिकायतकर्ताओं को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ई-साक्ष्य (e-Evidence) प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि विवेचनाओं में डिजिटल साक्ष्यों के संकलन, संरक्षण एवं प्रस्तुतिकरण की प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जाए ताकि न्यायिक प्रक्रिया में अभियोजन पक्ष को मजबूती मिल सके।
आगामी मोहर्रम को देखते हुए सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, आयोजकों से समन्वय स्थापित करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस की सक्रिय उपस्थिति एवं सतर्कता बनाए रखी जाए।
बैठक में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट तथा अन्य प्रभावी वैधानिक कार्रवाई को तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और अपराधों के शीघ्र अनावरण पर भी विशेष बल दिया गया।
उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित किया जाए तथा पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जाए। समीक्षा गोष्ठी के अंत में विभिन्न शाखाओं के कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए और सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया@जफर/INN
