मुरादाबाद। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना डिलारी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल के निर्देशन में आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा एवं उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ठाकुरद्वारा ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया।

बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पीस कमेटी के सदस्यों, ताजियेदारों, धर्मगुरुओं तथा डीजे संचालकों ने भाग लिया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आगामी मोहर्रम के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

गोष्ठी के दौरान अधिकारियों ने ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों, समयबद्ध संचालन तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। ताजियेदारों को निर्देशित किया गया कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन करें तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने से बचें। जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया।

डीजे संचालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासन एवं न्यायालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। बिना अनुमति डीजे संचालन, निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि तथा भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री के प्रसारण पर सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अफवाहों और भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचना को साझा न करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें।
बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने का आश्वासन दिया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी@जफर/INN
