मुरादाबाद। कुन्दरकी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या, हत्या के प्रयास तथा पुलिस पर फायरिंग के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी कुन्दरकी भेजा गया। उसके कब्जे से हत्या की वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 को थाना कुन्दरकी क्षेत्र के ग्राम खिताबपुर उर्फ खन्नुपुरा निवासी मोनू कुमार की तहरीर पर निखिल चौधरी, विशाल चौधरी और रामवीर चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि पुराने मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने को लेकर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मोनू के भाई अंकित को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसी घटना से जुड़े एक अन्य मामले में अजीत सिंह की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर उसके भाई आशीष को गंभीर रूप से घायल करने का मुकदमा भी दर्ज किया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी निखिल चौधरी को पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था, जबकि विशाल चौधरी, रामवीर चौधरी और सतेन्द्र लगातार फरार चल रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देश पर इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
शुक्रवार को कुन्दरकी थाना पुलिस और एसओजी टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी विशाल चौधरी कुन्दरकी-डींगरपुर रोड पर मौजूद है। पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल चौधरी पुत्र राजवीर सिंह निवासी ग्राम खिताबपुर उर्फ खन्नुपुरा, थाना कुन्दरकी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध 315 बोर तमंचा, पांच जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वर्ष 2020 में दर्ज एक एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे की रंजिश के चलते उसने अपने भाई निखिल, ताऊ रामवीर सिंह और साथी सतेन्द्र के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी। आरोपियों ने पहले आशीष और उसके भाई पर जानलेवा फायरिंग की तथा बाद में अंकित को निशाना बनाया, जिसमें निखिल चौधरी की गोली लगने से अंकित की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार विशाल चौधरी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
