मुरादाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मुरादाबाद के सोनकपुर स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के साथ योगाभ्यास किया। वहीं जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने भी अपनी टीम के साथ योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने प्रदेशवासियों एवं जनपदवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्ताव पारित हुआ और आज विश्व के 150 से अधिक देशों ने योग को अपनाया है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा को जोड़ने वाली जीवन पद्धति है। योग लोगों को आपस में जोड़ने, तनाव को दूर करने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

सोनकपुर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए। उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया और नियमित योग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। योग दिवस के अवसर पर पूरे वातावरण में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देखने को मिला@शांतनु/INN
