मुरादाबाद। महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण को समर्पित “सखी सुरक्षा एवं हेल्थ कैंप” का सफल आयोजन रामगंगा विहार स्थित थाई चिल्ली लाउंज में किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन मुरादाबाद इन्फ्लुएंसर्स (मुरादाबाद डायरीज एवं इशी व्लॉग्स) तथा एफएम मुरादाबाद 89.6 के संयुक्त प्रयास से किया गया, जबकि कार्यक्रम को महिला शिक्षा, बाल विकास संस्थान द्वारा प्रस्तुत किया गया।

मुरादाबाद में पहली बार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और एफएम रेडियो एक मंच पर आए और महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना, उन्हें निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराना तथा सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और योजनाओं की जानकारी देना रहा।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गए तथा नियमित जांच और जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, मिशन शक्ति अभियान तथा विभिन्न सरकारी सहायता सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

इस आयोजन को सफल बनाने में मिशन शक्ति टीम की चंद्रप्रभा मैम का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा, आत्मविश्वास और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता रही डॉ. रशिका गुप्ता का योगदान, जिनके सहयोग और समर्पण के कारण महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच संभव हो सकी। उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाना भी है। भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा।

कार्यक्रम की सफलता में विजय ब्यूटी, ग्रिल्स तंदूरी जंक्शन और थाई चिल्ली लाउंज का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिनके समर्थन से यह सामाजिक पहल प्रभावी रूप से संपन्न हो सकी।
“सखी सुरक्षा एवं हेल्थ कैंप” ने यह संदेश दिया कि जब समाज के विभिन्न वर्ग, सामाजिक संस्थाएं, चिकित्सा विशेषज्ञ, मीडिया और युवा इन्फ्लुएंसर्स एक साथ आते हैं, तो महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के लिए एक मजबूत और सकारात्मक बदलाव की नींव रखी जा सकती है@शांतनु/INN
