मुरादाबाद। स्कॉलर डेन कोचिंग संस्थान के संचालक विवेक ठाकुर की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। संस्थान के संचालन, कथित अनियमितताओं और विभिन्न विवादों को लेकर पहले से उठ रहे सवालों के बीच अब मुरादाबाद के पत्रकारों और मीडिया कर्मियों ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पत्रकारों ने मंडलायुक्त मुरादाबाद आञ्जनेय कुमार सिंह को एक विस्तृत शिकायती पत्र सौंपकर विवेक ठाकुर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच कराने तथा मीडिया कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पत्रकारों का आरोप है कि स्कॉलर डेन से जुड़े विभिन्नये मामलों में प्रकाशित एवं प्रसारित समाचारों से बौखलाकर विवेक ठाकुर ने सोशल मीडिया पर पत्रकारों के लिए कथित रूप से “सुपारी मीडिया” जैसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया और मीडिया को बदनाम करने का प्रयास किया। शिकायत में कहा गया है कि यह न केवल पत्रकारों की गरिमा पर हमला है, बल्कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता को दबाने का भी प्रयास है।
शिकायती पत्र में पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि स्कॉलर डेन कोचिंग संस्थान के संचालन को लेकर लंबे समय से गंभीर सवाल उठ रहे हैं। संस्थान की वैधानिक अनुमतियों, फायर सेफ्टी एनओसी, भवन संबंधी मानकों तथा अन्य आवश्यक नियमों के अनुपालन की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ विद्यालयों के साथ कथित सांठगांठ कर विद्यालय समय के दौरान छात्रों को कोचिंग में पढ़ाया जाता है, जबकि स्कूलों में उनकी उपस्थिति दर्ज दिखाई जाती है। पत्रकारों ने इसे शिक्षा व्यवस्था के साथ गंभीर खिलवाड़ बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत में विवेक ठाकुर के विरुद्ध पूर्व में दर्ज विभिन्न मामलों और आर्थिक लेन-देन से जुड़े विवादों का भी उल्लेख किया गया है। पत्रकारों का कहना है कि इन मामलों को लेकर लगातार तथ्यात्मक समाचार प्रकाशित किए गए, लेकिन इसके बाद मीडिया कर्मियों पर दबाव बनाने, उन्हें डराने-धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के प्रयास किए जाने लगे।
पत्रकारों ने मंडलायुक्त को यह भी अवगत कराया कि मामले की कवरेज से जुड़े कुछ पत्रकारों को विवेक ठाकुर द्वारा प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से धमकाने तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। पत्रकारों का कहना है कि समाचारों का प्रकाशन रोकने और दबाव बनाने के उद्देश्य से भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में भी मंडलायुक्त से हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
पत्रकारों ने अपने शिकायती पत्र में यह भी कहा कि उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से अपने विरुद्ध किसी संभावित साजिश, हमले अथवा अन्य अप्रिय घटना की आशंका की जानकारी मिली है। ऐसे में मीडिया कर्मी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि यदि भविष्य में किसी पत्रकार के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्तियों की तय की जाए और समय रहते सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम किए जाएं।
मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह ने पत्रकारों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण में नियमानुसार उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों और आरोपों का परीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पत्रकारों ने मंडलायुक्त से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पत्रकारों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस घटनाक्रम के बाद स्कॉलर डेन और उसके संचालक विवेक ठाकुर को लेकर विवाद और गहरा गया है। अब निगाहें प्रशासनिक अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं कि शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोपों पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं@शांतनु/INN
