मुरादाबाद। जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आयुष्मान भारत योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भातू कॉलोनी में आयोजित मेगा आयुष्मान स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं चिकित्साकर्मी उपस्थित रहे।

शिविर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पूरी पारदर्शिता और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है और इसके माध्यम से लाखों लोगों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां भी वितरित की गईं। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड बनाने एवं पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण करने की व्यवस्था भी की गई, जिससे अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं ताकि दूर-दराज एवं वंचित क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।

शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। पूरे शिविर के दौरान स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, जांच और जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।
