मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के डियर पार्क वन क्षेत्र में शनिवार को एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगल की ओर गए लोगों ने पेड़ से लटका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर थाना कटघर पुलिस के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।

मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है तथा लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके। वहीं फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मृतक की पहचान कराने और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।
