मुरादाबाद। जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में वीवीआईपी आगमन से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनपद में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए तथा विकास परियोजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित दायित्वों का समय से निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने तथा आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस अधिकारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन, रूट व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
बैठक में नगर आयुक्त, पुलिस अधीक्षक यातायात, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया और अपने-अपने विभागों की तैयारियों एवं कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होगा तथा जनपद में विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को और अधिक गति मिलेगी।
