मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने जिला अस्पताल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान महानगर की जनता और अभिभावकों से अपील की कि वे 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की अपनी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह टीका बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मुरादाबाद जिला अस्पताल में एचपीवी वैक्सीन निशुल्क उपलब्ध कराई गई है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, लेकिन समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने से इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र बालिका तक यह सुरक्षा कवच पहुंचे और भविष्य में इस गंभीर बीमारी से होने वाले जोखिम को कम किया जा सके।
डॉ. पैंसिया ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकत्रियों और अन्य संबंधित कर्मचारियों की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। आगामी दिनों में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे, वहीं विद्यालयों में भी पहुंचकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी जनस्वास्थ्य अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। इसलिए अभिभावक किसी भी प्रकार की भ्रांति, अफवाह या गलत जानकारी पर विश्वास न करें और अपनी बेटियों को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं।

उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एचपीवी टीकाकरण अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने महानगरवासियों से आह्वान किया कि वे पात्र बालिकाओं को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन दिलाकर इस जनहितकारी अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और सर्वाइकल कैंसर मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें।
