लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को एक लाइब्रेरी सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही लाइब्रेरी में मौजूद छात्र अंदर फंस गए और बाहर निकलने के लिए संघर्ष करने लगे। जान बचाने की कोशिश में कुछ छात्रों ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक आग और धुएं से बचने के लिए ऊपर से कूदा, लेकिन नीचे लगी नुकीली लोहे की ग्रिल पर गिर गया। हादसे में ग्रिल उसके पेट में घुस गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख तुरंत प्रशासन को सूचना दी थी। फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने और राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई है।
