मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल ने सोमवार देर रात थाना मझोला का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन्स भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर में संचालित महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति कक्ष, थाना कार्यालय, अभिलेखों, मालखाना, हवालात, पुलिस बैरक तथा थाना परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने थाना परिसर में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की स्थिति भी जांची तथा उन्हें सदैव क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में मौजूद फरियादियों एवं आगंतुकों से भी संवाद किया गया। एसएसपी ने उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक व्यवहार और समयबद्ध न्याय मिलना चाहिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान थाना मझोला की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए@जफर/INN
