मुरादाबाद। जनपद में अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित चाणक्य अकैडमी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। आवश्यक अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) न मिलने पर संस्थान को सील कर दिया गया।

बताया गया कि अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा संस्थान का निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान संस्थान में निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में खामियां सामने आईं। साथ ही संस्थान के पास फायर विभाग की अनिवार्य एनओसी भी उपलब्ध नहीं पाई गई।

निरीक्षण के उपरांत अग्निशमन विभाग ने अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी। रिपोर्ट में उल्लिखित तथ्यों के आधार पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अकैडमी को सील करने के निर्देश जारी किए, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में संस्थान को बंद करा दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले किसी भी संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों, शिक्षण केंद्रों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी हलचल बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में फायर एनओसी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक जांच अभियान के तहत अन्य संस्थानों पर भी कार्रवाई हो सकती है@शांतनु/INN
