मुरादाबाद। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में मुरादाबाद शहर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक (आंतरिक) निरीक्षण विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न कराया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया द्वारा वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया गया तथा वेयरहाउस परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती संगीता गौतम को निर्देशित किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखा जाए तथा पुरानी पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रखरखाव एवं आवश्यक अभिलेखीय कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए।
