मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी मंडल कुंदरकी की ओर से शनिवार को विकासखंड सभागार में “डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म” विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने सहभागिता कर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
बैठक का शुभारंभ भारत के महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

बैठक में मंडल कार्यकारिणी, शक्ति केंद्र संयोजक, शक्ति केंद्र प्रभारी एवं प्रवासी कार्यकर्ताओं के साथ डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के प्रभावी संचालन, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं को आधुनिक डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा, संगठन और समाज के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सुशासन की सोच पहुंचाना है।

बैठक का समापन “संगठन सर्वोपरि, राष्ट्र सर्वोपरि” तथा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प के साथ किया गया।
