मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार, 29 जून को मुरादाबाद के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान जिले को 365.50 करोड़ रुपये की लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी होगा और कई पूर्ण हो चुकी योजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा।
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 136.15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 26 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 229.35 करोड़ रुपये की 37 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूत करना और विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी करेंगे, जिसमें चल रही परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा। मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जहां वे प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे।
विकास योजनाओं के वितरण पर नजर डालें तो मुरादाबाद नगर विधानसभा को सबसे अधिक लाभ मिलने जा रहा है। इस क्षेत्र में कुल 237.88 करोड़ रुपये की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास प्रस्तावित है। वहीं कुंदरकी विधानसभा को 105.74 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी। अन्य परियोजनाएं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में क्रियान्वित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने देर रात तक कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सभी कार्यक्रम निर्धारित समय और प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न कराए जाएं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जनसभा स्थल और अन्य कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। जिले में मुख्यमंत्री के इस दौरे को विकास कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है@शांतनु/INN
