मुरादाबाद। जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में कथित तौर पर ट्रक ड्राइवर की पत्नी से आधी रात मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि लोगों ने युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा और कई घंटे तक बंधक बनाए रखा। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना करीब तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि देर रात एक युवक ट्रक ड्राइवर के घर में घुसा था। उस समय ट्रक ड्राइवर घर पर मौजूद नहीं था और उसकी पत्नी अकेली थी। युवक के घर में होने की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने युवक की पिटाई करने के बाद उसे एक खंभे से बांध दिया। बाद में युवक से माफी मंगवाने और भविष्य में दोबारा गांव में नहीं आने की शर्त पर उसे छोड़ दिया गया।
घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक मैनाठेर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
वीडियो सामने आने के बाद मूंढापांडे पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए युवक को थाने बुलाकर उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, युवक के घर में जाने के कारणों तथा ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है@जफर/INN
