मुरादाबाद। थाना मझोला पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को थाना मझोला क्षेत्र में एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। इस मामले में वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 538/2026 दर्ज किया गया था। घटना में वादी के पुत्र विवेक को गोली लगने से वह घायल हो गया था। मामले में नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को थाना मझोला पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अंकित यादववंशी पुत्र राजा सिंह, निवासी हरथला हिमगिरी कॉलोनी, थाना सिविल लाइंस, मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुरादाबाद के अलग-अलग थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध कुल सात आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है@जफर/INN
