मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर मुरादाबाद पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर सर्किट हाउस स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की मंडलीय समीक्षा बैठक की। बैठक में नई परियोजनाओं की कार्ययोजना, लंबे समय से लंबित निर्माण कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास परियोजनाएं तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों और आम जनता को उनका लाभ शीघ्र मिले।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद मंडल की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, राजस्व संबंधी मामलों तथा आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रत्येक योजना की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास और सुशासन है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे विकास परियोजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके और शासन की योजनाओं का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखाई दे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4:40 बजे बुद्धि विहार फेस-2 स्थित जनसभा स्थल पहुंचेंगे। यहां वह विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और लगभग 365.50 करोड़ रुपये की लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, नगर विकास, आधारभूत संरचना तथा अन्य जनहित से जुड़े कार्य शामिल हैं, जिनसे मुरादाबाद नगर, ग्रामीण क्षेत्र और कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जनसभा स्थल, सर्किट हाउस और प्रमुख मार्गों पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं और कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद नजर आया@शांतनु/INN
