मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद के उदीशा महोत्सव मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए जिले को 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें वाॅर मेमोरियल, श्रीराम वाटिका और खेल पार्क का लोकार्पण शामिल है। बुदि्ध विहार फेज-2 के मैदान पर जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर पहुंचने के बाद दानवीर भामाशाह को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र और समाज के प्रति योगदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद देहात, कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों, नगर निगम और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण से जुड़ी परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं मुरादाबाद के समग्र विकास को नई गति देंगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार “व्यापारी कल्याण दिवस” के माध्यम से व्यापारियों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करने का कार्य भी कर रही है।
विपक्ष पर बोला तीखा हमला
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों को परिवारवादी राजनीति का प्रतीक बताते हुए कहा कि पहले सरकारी धन का उपयोग कब्रिस्तान बनाने के लिए किया जाता था, जबकि अब वही धन मंदिरों के विकास, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और जनहित के विकास कार्यों पर खर्च किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या का उल्लेख करते हुए कहा कि अब अयोध्या त्रेतायुग जैसी हो गई है और आने वाले समय में मथुरा के बांके बिहारी धाम के विकास की भी बारी है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर राम मंदिर को लेकर नकारात्मक रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया।
अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत और राजनीतिक हमला
मुख्यमंत्री योगी ने अपने भाषण में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम लेते हुए उन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति बिल्कुल अलग थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उस समय मुख्यमंत्री को जनता के लिए समय नहीं था और प्रदेश में बिजली, रोजगार तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी।
उन्होंने कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले अपराधियों का बोलबाला था, जबकि वर्तमान सरकार में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।
‘बाबर राज’ और ‘बाबरी सोच’ पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नौ वर्ष पहले मुरादाबाद की पहचान दंगों और उपद्रवों से होती थी, लेकिन आज यह शहर पीतल उद्योग, विकास और मेहनतकश किसानों की पहचान बन चुका है। उन्होंने कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से यह संदेश दिया है कि अब “बाबर का राज” नहीं चलेगा।
उन्होंने कहा कि “बाबरी सोच” का अर्थ समाज को जातिवाद और तुष्टिकरण के आधार पर बांटना तथा सामाजिक विषमता पैदा करना है। वर्तमान सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर कार्य कर रही है।
विकास और सुशासन पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का निर्माण करना ही नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन स्तर में सुधार लाना भी है। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद सहित पूरे प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर विकास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों और उद्यमियों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जीएसटी में पंजीकृत प्रत्येक व्यापारी या उद्यमी के साथ यदि किसी प्रकार की दुर्घटना अथवा अन्य अप्रिय घटना घटित होती है, तो प्रदेश सरकार उसके आश्रित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।
लाइन पर इलाके को अब दाऊ दयाल खन्ना नगर के नाम से जाना जाएगा
मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि सरकार गुरु जंभेश्वर मंदिर के कॉरिडोर के विकास के लिए कार्य करेगी। इसके अलावा श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ नेता और मुरादाबाद की प्रमुख हस्ती दाऊदयाल खन्ना के सम्मान में लाइनपार क्षेत्र का नाम ‘दाऊदयाल खन्ना नगर’ रखा जाएगा।
मुरादाबाद की सभी सीटों पर कमल खिलाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार कुंदरकी की जनता ने भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह को भारी मतों से विजयी बनाया, उसी तरह कांठ और ठाकुरद्वारा सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी भाजपा के प्रतिनिधि चुनकर आने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब सभी क्षेत्रों में कमल खिलेगा तभी विकास की गति और तेज होगी तथा समृद्धि आएगी।
सभा के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी, लाभार्थी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी से प्रदेश के विकास में सहभागी बनने और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया@शांतनु/INN
