मुरादाबाद। जिले में हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। मझोला थाना क्षेत्र के मैनाठेर स्थित मिलक गांव में गौशाला के निकट बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे में संतराम और विनीता की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं धामनी, सपना और दिवांशी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन भी मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुट गया है।
