जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के बीच बादल फटने से भयानक फ्लैश फ्लड आ गई। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे ज्यादा असर डोडा के भलेसा क्षेत्र में देखने को मिला। खलजुगासर इलाके में बादल फटने के बाद तेज़ बहाव के साथ आए पानी और मलबे ने खेतों, बागों और कई मकानों को भारी नुकसान पहुंचाया। सड़कों पर कीचड़ और बोल्डर जमा होने से कई मार्ग पूरी तरह बंद हो गए।
बाढ़ और मलबे की वजह से कई गांवों को जोड़ने वाली सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे अनेक इलाकों का संपर्क टूट गया है। स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर सड़कें बहाल करने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हालात सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
लगातार हो रही तेज बारिश के कारण भलेसा क्षेत्र की नदियां और नाले उफान पर हैं। कई खेतों में खड़ी फसलें तबाह हो गई हैं, जबकि बागों में लगे पेड़ या तो उखड़ गए हैं या तेज बहाव में बह गए। कुछ मकानों में भी पानी घुसने की सूचना है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने या जान-माल के बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अचानक आई बाढ़ के साथ भारी मात्रा में मलबा आने से भलेसा पट्टी के कई गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।
